भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 103 रन से रौंदा, अंडर-19 टीम ने सीरीज 2-0 से जीती।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 103 रन से रौंदा, अंडर-19 टीम ने सीरीज 2-0 से जीती।

राजकोट। भारतीय अंडर-19 टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को दूसरे युवा वनडे में 103 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 341 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की पारी के नायक यशबर्धन चौहान रहे, जिन्होंने 100 गेंदों पर 122 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और दो छक्के शामिल रहे।
चौहान को वीके विनीत का शानदार साथ मिला। विनीत ने 92 गेंदों में 87 रन बनाए और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 132 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इससे पहले आर्यवीर सहवाग ने 47 रन और कुशाग्र ओझा ने 34 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
238 रन पर सिमटी ऑस्ट्रेलिया
341 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने 41.1 ओवर में 238 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान जैक चोस्नेक ने 81 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि ब्लेक कैटल ने 44 और मैथ्यू लॉघ ने 42 रन बनाए।
भारत की ओर से चिगुरुपति वेंकट ने 64 रन देकर तीन विकेट लिए। काव्या पटेल और यशबर्धन चौहान को दो-दो विकेट मिले। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए।
संक्षिप्त स्कोर:-
भारत अंडर-19: 341/7 (50 ओवर)
यशबर्धन चौहान 122, वीके विनीत 87, आर्यवीर सहवाग 47
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19: 238/10 (41.1 ओवर)
जैक चोस्नेक 81, ब्लेक कैटल 44, मैथ्यू लॉघ 42
नतीजा: भारत 103 रन से विजयी।
सीरीज: भारत 2-0 से आगे और सीरीज अपने नाम।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें